गुना पुलिस को बड़ी सफलता, हत्या समेत तीन मामलों में फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
आगजनी, मारपीट और हत्या के प्रकरणों में वर्षों से फरार चल रहा था आरोपी, कोतवाली पुलिस ने दबोचा
गुना |अनंत न्यूज़
शहर कोतवाली पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या, आगजनी और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी गोलू जाटव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गोलू जाटव निवासी श्रीराम कॉलोनी के खिलाफ वर्ष 2017 और 2018 में आगजनी, मारपीट तथा हत्या के अलग-अलग तीन मामले दर्ज हुए थे। न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार अनुपस्थित रहने पर उसके खिलाफ तीन स्थायी वारंट जारी किए गए थे।
मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में की गई।
इस कार्रवाई में शहर कोतवाल राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सूर्येन्द्र मिश्रा की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।