आईपीएल सट्टे पर गुना पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

थार गाड़ी में सट्टा खिलाते तीन बदमाश पहले ही पकड़े गए थे, फरार आरोपी भी दबोचा गया

आईपीएल सट्टे पर गुना पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त मे आरोपी

गुना।अनंत न्यूज़ 


जिले में ऑनलाइन सट्टे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ गुना पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन में जिलेभर में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन, एसडीओपी राघौगढ़  दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण और डीएसपी  आनंद राय के नेतृत्व में धरनावदा थाना पुलिस एवं विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।

उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल 2026 की रात रूठियाई चौकी क्षेत्र में हाईवे स्थित मिडवे ट्रीट के पास एक थार गाड़ी में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों—विकास पाटिल, दिव्यांशु उर्फ शर्मा नैनो और शुभम साहू उर्फ टीआई—को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया था कि यह एक संगठित अंतर्राज्यीय गिरोह है, जो विभिन्न जिलों में लोगों को आईडी उपलब्ध कराकर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का नेटवर्क चला रहा था। जांच के दौरान अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए, जिन्हें प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।

इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के एक और सदस्य शुभम पुत्र रविशंकर शर्मा (32 वर्ष), निवासी ग्राम गता कनारी जिला अशोकनगर, हाल निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी गुना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में डीएसपी  आनंद राय के नेतृत्व में धरनावदा थाना एस ओ रूहिल शर्मा सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।