गुना में कड़े पहरे के बीच हुई एमपीपीएससी की परीक्षा
2026 में पूछे गए 2021 के हालातों से जुड़े सवाल
गुना।अनंत न्यूज़
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग 2026 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार सुबह 10 बजे से जिले के 5 निर्धारित केंद्रों पर शुरू हो गई है। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के लिए इस बार अभूतपूर्व '3 लेयर' सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। भारी सुरक्षा और गहन चेकिंग के कारण केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं को मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। कुछ छात्रों ने आज से लगभग 5 साल पहले की परिस्थितियों से जुड़े आंकड़े पूछने पर हैरानी जताई तो कई छात्र उत्साहित नजर आए। इस बार आयोग ने प्रश्न पत्र में जनगणना से जुड़े सवालों को भी जगह दी थी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षार्थियों को तीन चरणों की जांच से गुजरना पड़ा सबसे पहले प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों के बैग और प्रतिबंधित सामान जमा कराए गए। पहचान के लिए सामान पर रोल नंबर के अंतिम 4 अंक अंकित किए गए। इसके बाद तकनीकी सुरक्षा के तहत बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया, जिसमें परीक्षार्थियों की फोटो और आंखों का मिलान हुआ। अंत में मेटल डिटेक्टर से फिजिकल चेकिंग की गई। सुरक्षा के मद्देनजर जूते, घड़ी, गहने और पानी की बोतलें भी केंद्र के बाहर ही रखवाई गर्इं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परीक्षार्थियों ने संतोष तो जताया, लेकिन चेकिंग की धीमी प्रक्रिया और बढ़ती तपिश के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। पूरी प्रक्रिया की निगरानी आॅब्जर्वर और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी शेखर वर्मा द्वारा की गई। गुना में परीक्षा के लिए 5 केंद्र बनाए गए थे। जिनमें पीजी कॉलेज के अलावा, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल गुना, गांधी वोकेशनल कॉलेज, उत्कृष्ट विद्यालय और हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 शामिल हैं।