डीएम मनीष बंसल का बड़ा फैसला, सुबह 10 से 12 बजे तक अफसर रहेंगे ऑनलाइन
आगरा |अनंत न्यूज़
आगरा डी एम मनीष बंसल ने प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब जिले के सभी अधिकारी रोज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कैमरा ऑन कर ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान कैमरा बंद मिलने पर संबंधित अधिकारी का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
“10 से 12 जनता के नाम” अभियान शुरू
आगरा में लागू की गई इस नई व्यवस्था के तहत ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर के अधिकारी ऑनलाइन रहकर आमजन की शिकायतों का समाधान करेंगे। डीएम ने साफ निर्देश दिए हैं कि शिकायतकर्ताओं को अब दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पंचायत सचिव गांवों में जाकर सुनेंगे समस्याएं
डीएम ने पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वे गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका मौके पर समाधान करें। जनता दर्शन में अनुपस्थित रहने या शिकायतों को गंभीरता से न लेने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
आरटीई, पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्ती
डीएम ने पेंशन, स्कॉलरशिप और आरटीई मामलों में लापरवाही पर रिपोर्ट तलब की है। आरटीई के तहत प्रवेश न देने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में साफ-सफाई और कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।
IGRS शिकायतों की होगी डिजिटल मॉनिटरिंग
डीएम मनीष बंसल ने कहा कि अब आईजीआरएस शिकायतों पर असंतोष मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।