डीएम-एसपी ने UPTET-2026 परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीएम-एसपी ने UPTET-2026 परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ललितपुर।अनंत न्यूज़

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस कप्तान मोहम्मद मुस्ताक ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, निगरानी व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन की सभी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

डीएम और एसपी ने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सतर्कता बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।