4 गौवंश की मौत के बाद जागा बिजली महकमा!

गौसेवकों का आक्रोश फूटा तो शिफ्ट करने पड़े हाट रोड के खंभे, शहरभर में करेंगे निगरानी

4 गौवंश की मौत के बाद जागा बिजली महकमा!
हाट रोड पर शुक्रवार को ही शिफ्ट किए गए खंभे।

गुना।अनंत न्यूज़

गुना के अलग-अलग इलाकों में करंट लगने से गौवंश की मौत के बढ़ते मामले और गौसेवकों के आक्रोश के बाद आखिकर शुक्रवार को बिजली महकमे की नींद टूट गई। एक तरफ गौसेवकों ने बिजली कंपनी में हल्ला बोल दिया तो दूसरी तरफ आक्रोश भांपते हुए कंपनी ने हाट रोड पर खंभों की शिफ्टिगिं शुरु कर दी। वहीं लोगों का कहना है कि इस तरह के खतरनाक हालात शहरभर में बने हुए हैं, जिससे कंपनी अनजान है। बस दुर्घटनाओं के बाद पनपे आक्रोश को दबाने के लिए तत्परता दिखाई दे रहा है।

दरअसल, में बिजली कंपनी की लापरवाही के कारण करंट लगने से लगातार हो रही गौवंशों की मौत को लेकर हिंदू संगठनों और आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है। बीते महज एक सप्ताह के भीतर गुना के भुल्लनपुरा क्षेत्र में 3 और हाट रोड पर 1 गौवंश की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो चुकी है। इन घटनाओं से दुखी और आक्रोशित सकल हिंदू समाज के पदाधिकारियों और गौभक्तों ने बड़ी संख्या में बिजली कंपनी के मुख्य कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और महाप्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा। गौभक्तों ने महाप्रबंधक को दोटूक शब्दों में बताया कि शहर में खुले पड़े बिजली के तारों और खंभों के कारण लगातार बेजुबान जानवर काल के गाल में समा रहे हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इन हादसों को तुरंत रोका जाए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिजली कंपनी के महाप्रबंधक ने आक्रोशित नागरिकों को आश्वस्त किया है कि शहरभर में लगे सभी बिजली खंभों की सघन चेकिंग कराई जाएगी और संवेदनशील खंभों को पूरी तरह कवर किया जाएगा।

आखिर क्या कर रहा था आपदा प्रबंधन कंटोल रूम

महाप्रबंधक अशोककुमार शर्मा ने बताया कि अब आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के जरिए भी ऐसे खतरों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे भी सजग रहें और ऐसी किसी भी संभावित दुर्घटना की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित कर सहयोग करें। हालांकि महाप्रबंधक के इस जवाब से गौसेवक संतुष्ट नजर नहीं आए। उनका कहना था कि जब बिजली महकमा इतना ही सतर्क है तो फिर मेंटीनेंस के दौरान ऐसा क्या गया था कि जर्जर खंभों और संभावित खतरों को पहले ही नहीं हटाया गया। गौसेवकों ने चेतावनी दी कि अगर दोबारा शहर में इस तरह के हालात बनते हैं तो बिजली कंपनी के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

स्मार्ट मीटर की दहशत बरकरार

एक तरफ कंपनी की लापरवाही शहरभर में सामने आ रही है। गायों की मौत के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में तो जनहानि तक हो चुकी है। वहीं बिजली कंपनी अब स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सभी हथकंडे अपना रही है। विकास नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में कंपनी ने अब नोटिस देना शुरु कर दिया है। उपभोक्ताओं को बिजली अधिनियम की धाराओं के तहत धमकी दी जा रही है कि अगर उन्होंने स्मार्ट मीटर नहीं लगवाया तो 24 घंटों के भीतर उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। हैरानी की बात यह है कि कुशमौदा क्षेत्र में ऐसा मामला सामने आया था, जिसमें उपभोक्ता की बिजली पहले काटी गई और उसे नोटिस बाद में थमाया गया। कुल मिलाकर शहर में बिजली कंपनी की नाकामी, लापरवाही और मनमानी को लेकर उपभोक्ताओं के बीच आक्रोश अब चरम पर है।