बमौरी के सोनखरा में गैंगरेप पीड़िता ने खाया जहर
पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
गुना। अनंत न्यूज़
जिले के बमोरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने से आहत होकर पीड़िता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, घटना 25 अप्रैल की है। ग्राम सोनखरा की रहने वाली 19 वर्षीय युवती को गांव का ही एक युवक उसकी मां से मिलवाने के बहाने बाइक पर बैठाकर ले गया था। आरोप है कि युवक उसे जंगल की ओर ले गया, जहां तीन लोगों ने उसके साथ दरिंदगी की। आरोपी युवती को गंभीर घायल अवस्था में शिवपुरी अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली, तो वे तुरंत युवती को लेकर बमोरी थाने पहुँचे। लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया और एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी की। पुलिस की इसी बेरुखी और लोकलाज के डर से टूट चुकी युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। पीड़िता की हालत बिगड़ने के बाद उसे आनन-फानन में गुना जिला अस्पताल ले जाया गया। मामला गरमाता देख बमोरी थाना प्रभारी दिलीप राजोरिया ने अस्पताल पहुँचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। उनका कहना है कि मामले में बयान दर्ज कर लिए गए हैं और एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल युवती की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं।