पुलिस विभाग में सूबेदार से रिजर्व इंस्पेक्टर (RI) पद पर पदोन्नति के आदेश जारी

अजय प्रताप सिंह, मोनिका जैन, अविनाश उमरैया , हर्ष यादव सहित कई अधिकारी बने आरआई

पुलिस विभाग में सूबेदार से रिजर्व इंस्पेक्टर (RI) पद पर पदोन्नति के आदेश जारी

गुना ।अनंत न्यूज़

मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में सूबेदार से रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) पद पर पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस पदोन्नति के साथ कई अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।

जारी पदोन्नति सूची में गुना यातायात थाने का प्रभार देख रहे कार्यवाहक आर.आई अजय प्रताप सिंह को आर. आई के पद पर और मोनिका जैन, अविनाश उमरैया,हर्ष यादव सहित कई सूबेदारों को रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) पद पर पदोन्नत किया गया है। लंबे समय से विभागीय सेवा दे रहे इन अधिकारियों को उनके अनुभव, कार्यकुशलता और वरिष्ठता के आधार पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आपको बता दें रिजर्व इंस्पेक्टर पुलिस लाइन और बल प्रबंधन की महत्वपूर्ण कड़ी माने जाते हैं। आरआई की जिम्मेदारी में पुलिस बल का संचालन, ड्यूटी व्यवस्था, प्रशिक्षण, अनुशासन बनाए रखना तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का समन्वय शामिल होता है। ऐसे में यह पद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। विभागीय प्रक्रिया के अनुसार उनकी पदस्थापना के आदेश भी अलग से जारी किए जा सकते हैं।

पुलिस विभाग में इस पदोन्नति को अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्य और अनुभव का सम्मान माना जा रहा है। सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।