विधायक की टिप्पणी पर IPS एसोसिएशन सख्त, कड़ी कार्रवाई की मांग
भोपाल | अनंत न्यूज़
मध्यप्रदेश आई पी एस असोसियेशन ने पिछोर विधायक द्वारा आई पी एस अधिकारी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने प्रेस नोट जारी कर इस पूरे मामले की निंदा करते हुए जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस नोट के अनुसार, पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करेरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के संबंध में वायरल वीडियो में अभद्र और धमकी भरी भाषा का उपयोग किया गया। एसोसिएशन ने इसे न केवल अमर्यादित बताया, बल्कि सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत भी करार दिया।
एसोसिएशन ने कहा कि वीडियो में अधिकारी और उनके परिवार के प्रति की गई टिप्पणियां पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। इस तरह का व्यवहार जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के खिलाफ है और इससे प्रशासनिक तंत्र एवं अधिकारियों के मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
प्रेस नोट में यह भी कहा गया कि जनप्रतिनिधियों को अपने आचरण एवं भाषा में संयम रखना चाहिए। इस प्रकार की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं हैं और प्रशासनिक निष्पक्षता को प्रभावित करती हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की