टमटम गाड़ी चोरी का महज 12 घंटे में खुलासा
आरोपी गिरफ्तार व 2.50 लाख की गाड़ी बरामद
गुना।अनंत न्यूज़
कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई टमटम गाड़ी बरामद करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की रात्रि में हड्डीमील निवासी राजेंद्र कोरी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि हड्डीमील स्थित पानी की टंकी के पास खड़ी उसकी टमटम गाड़ी चोरी हो गई है। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से 12 घंटे के भीतर आरोपी जोन पारदी (उम्र 21 वर्ष, निवासी हड्डीमील जगनपुर चक) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई लगभग 2.50 लाख रुपये कीमत की टमटम गाड़ी बरामद कर ली गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को समय पर न्याय मिला, जो गुना पुलिस की सतर्कता और अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक दिग्लेश धाकड़, रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक रतन सिंह और कपिल व्यास की सराहनीय भूमिका रही।