मारकीमहू खंड के धानवाड़ी मंडल में भव्य हिंदू सम्मेलन संपन्न , संतों ने दिया राष्ट्रसेवा और संस्कारों का संदेश

मारकीमहू खंड के धानवाड़ी मंडल में भव्य हिंदू सम्मेलन संपन्न  , संतों ने दिया राष्ट्रसेवा और संस्कारों का संदेश

अनंत न्यूज़ @ गुना। मारकीमहू खंड के धानवाड़ी मंडल पर भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में क्षेत्र के धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति और युवाओं ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और गौ माता के पूजन के साथ किया गया।
सम्मेलन के दौरान मंच पर चित्रकूट धाम के पूज्य संत राधाचरण द्विवेदी एवं धानवाड़ी हनुमान मंदिर के पुजारी विराजमान रहे। मुख्य वक्ता के रूप में हिंदू जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख केशव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत में मंचासीन संतजनों एवं अतिथियों का पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन और धार्मिक उद्बोधनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अपने आध्यात्मिक उद्बोधन में पूज्य संत राधाचरण द्विवेदी ने सनातन धर्म की प्राचीन परंपराओं, आध्यात्मिक शक्ति और भारतीय संस्कृति के मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म विश्व को वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देता है और मानवता को धर्म, सेवा एवं सदाचार की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज से धर्म, संस्कार और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर सदैव अग्रसर रहने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता केशव शर्मा ने अपने प्रेरक बौद्धिक संबोधन में सनातन धर्म की महिमा और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था नहीं बल्कि जीवन की एक संपूर्ण व्यवस्था है, जो सत्य, अहिंसा, सेवा और राष्ट्रभक्ति की शिक्षा देती है। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों, संस्कृति और इतिहास को जानने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का आग्रह किया।