आगरा में कुएं से मिला अज्ञात युवती का शव, 4 दिन पुरानी लाश से फैली सनसनी

रायपुर क्षेत्र में ट्यूबवेल के पास मिला शव, हत्या की आशंका; पुलिस पहचान में जुटी

आगरा में कुएं से मिला अज्ञात युवती का शव, 4 दिन पुरानी लाश से फैली सनसनी

आगरा | अनंत न्यूज़ 

आगरा के कुबेरपुर स्थित रायपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवती का शव कुएं में मिला। यह इलाका आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही टाउनशिप के पास का है।

जानकारी के मुताबिक, गांव रायपुर निवासी पप्पे निषाद अपने खेत पर ट्यूबवेल की पंप निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान कुएं के पास से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें संदेह हुआ। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो अंदर एक शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला।

4 दिन पुराना शव, पहचान नहीं

पुलिस के अनुसार, शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जो पूरी तरह फूल चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। युवती की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी जा रही है। उसने काले रंग की टी-शर्ट और लोवर पहन रखा था। प्रथम दृष्टया युवती अविवाहित लग रही है।फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।

हत्या की आशंका, जांच जारी

थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि युवती की पहचान हो सके।

प्राथमिक तौर पर मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।