गुना में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, सर्व समाज ने दिखाई एकता
करणी सेना के तत्वावधान में यूनिटी पार्क से शास्त्री पार्क तक निकली यात्रा, भारत माता व वीरांगनाओं की झांकियां बनीं आकर्षण
गुना |दयालवाणी
शहर में रविवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सर्व समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ यूनिटी पार्क से हुआ, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए लक्ष्मीगंज स्थित शास्त्री पार्क पर संपन्न हुई। यात्रा में करणी सेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता सतपाल सिंह मुख्य अतिथि और प्रदेश उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह चौहान विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। यात्रा का मुख्य आकर्षण भारत माता, रानी दुर्गावती और रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा में सजी बालिकाएं रहीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान करणी सेना के जिला अध्यक्ष संजीव सिंह तोमर ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सर्व समाज के नागरिकों का आभार व्यक्त किया। यात्रा में करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया।