गुना में जनसुनवाई की नई व्यवस्था से मिलेगा त्वरित समाधान
आवेदकों को मौके पर ही दी जा रही कार्रवाई की तारीख
गुना। अनंत न्यूज़
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में एक नई कार्यप्रणाली लागू की गई है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत जनसुनवाई को सेक्टरवार व्यवस्थित किया गया है, जिससे आवेदकों की समस्याओं का समाधान अधिक तेजी और पारदर्शिता के साथ किया जा सके।
कलेक्टर कन्याल ने बताया कि अब जनसुनवाई में अधिकारियों को विभाग एवं सेक्टर के अनुसार बैठाया गया है। राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों के लिए जिले के चारों अनुविभागों के अलग-अलग कंप्यूटर, आॅपरेटर तथा संबंधित अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहते हैं, जिससे आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई संभव हो पा रही है। विभिन्न विभागों के मामलों को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर जनसुनवाई व्यवस्था का विकेंद्रीकरण किया गया है। जनसुनवाई में मुख्य रूप से राजस्व, पंचायत, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, पुलिस तथा विद्युत विभाग से जुड़े प्रकरण प्राप्त हो रहे हैं। यदि कोई आवेदक सीमांकन या अन्य राजस्व संबंधी शिकायत लेकर आता है, तो संबंधित अधिकारी उसी समय क्षेत्र के पटवारी एवं राजस्व अमले से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करता है। इसके बाद आवेदक का नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज कर उसे सीमांकन अथवा अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए निश्चित तिथि प्रदान की जाती है। इससे आवेदकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। कलेक्टर कन्याल ने कहा कि नई व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना और आवेदकों की संतुष्टि बढ़ाना है। उनकी प्राथमिकता है कि अधिकांश मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर ही हो जाए। इस नई व्यवस्था से जनसुनवाई अधिक परिणाममुखी एवं जनहितकारी बन रही है।