श्रीराम इंश्योरेंस कंपनी के दफ्तर से गिरकर कर्मचारी की मौत
कर्मचारी को बंधक बनाकर पैसे वसूली का दबाव बनाकर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
गुना।अनंत न्यूज़
बायपास तिराहे पर स्थित मारूति शोरूम के सामने श्रीराम इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस से गिरकर एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान लूसन का बगीचा निवासी 30 वर्षीय सचिन सेन के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग दो साल से इस कंपनी में कार्यरत था। घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बयानों में भारी विरोधाभास सामने आया है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जहां एक तरफ इंश्योरेंस कंपनी का दावा है कि सचिन आॅफिस की इमारत से अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सचिन के बड़े भाई मनीष ने सीधे तौर पर कंपनी के दो अधिकारियों को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि सचिन पिछले 3-4 दिनों से घर नहीं लौटा था और कंपनी के अधिकारियों ने उसे आॅफिस बिल्डिंग में बंधक बनाकर रखा हुआ था। जानकारी के अनुसार, सचिन से कुछ रकम कंपनी को वापस लेनी थी, जिसकी वसूली को लेकर उस पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक, अधिकारियों द्वारा उस पर इसी वक्त पैसे लाकर देने का कड़ा दबाव डाला जा रहा था और इसी प्रताड़ना के चलते उसकी जान ली गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
मम्मी-पत्नी को बेचो, लेकिन पैसे लाकर दो
परिजनों का आरोप है कि ग्वालियर से आए एक वरिष्ठ अधिकारी और कंपनी में ही काम करने वाले हालिम नामक युवक सहित करीब 8 से 10 लोग सचिन पर पैसों को लेकर अत्यधिक दबाव बना रहे थे। भाई मनीष ने रोते हुए बताया कि आरोपी सचिन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने सचिन से यहाँ तक कह दिया था कि चाहे अपनी मम्मी को बेचो या पत्नी को, लेकिन हमें कहीं से भी पैसे लाकर दो।