मुनि सुधा सागर महाराज की अगवानी के लिए पलक-पावड़े बिछाएगा गुना

तैयारियों का जायजा लेने नसिया जी पहुंचीं नपा अध्यक्ष

मुनि सुधा सागर महाराज की अगवानी के लिए पलक-पावड़े बिछाएगा गुना

गुना। आचार्य विद्यासागर महाराज एवं आचार्य समय सागर महाराज के आशीर्वाद से तथा निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव सुधा सागर महाराज के ससंघ सानिध्य एवं निर्देशन में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ स्थल 'ऋषभ आयतन तीर्थ नसिया' का नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को महोत्सव से जुड़ी तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर चाक-चौबंद करने के कड़े निर्देश दिए।

वर्ष 2013 के बाद मुनि सुधा सागर महाराज का गुना आगमन हो रहा है। उनकी भव्य अगवानी के लिए जिस मार्ग से मुनि संघ का प्रवेश होगा, उन सभी मार्गों पर नगर पालिका द्वारा सड़क मरम्मत, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। 16 जून से 25 जून तक चलने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन में देश के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने कहा कि गुना की पावन धरा पर 13 वर्षों बाद परम पूज्य संत का आगमन हो रहा है, जो सभी गुना वासियों के लिए सौभाग्य का अवसर है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासनिक अमला पूरी तत्परता से कार्य करेगा। उन्होंने समस्त शहरवासियों से इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता अरविंद गुप्ता, प्रभारी सीएमओ शैलेंद्र अवास्या, उपयंत्री एस के जैन, रामवीर शर्मा, शिवराज सिंह सिकरवार, नरेंद्र नोनेरिया, अमित आर्य, बृजमोहन खरे सहित जैन समाज की ओर से समिति के मंत्री प्रदीप जैन एडवोकेट और प्रशासनिक संयोजक राजेश चौधरी वैभव उपस्थित रहे।