4 महीने से वेतन नहीं मिला, पैसे उधार लेकर डलवा रहे पेट्रोल

जनसुनवाई में फूटा संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का दर्द

4 महीने से वेतन नहीं मिला, पैसे उधार लेकर डलवा रहे पेट्रोल
जनसुनवाई में आवेदन देने पहुंचे कर्मचारी।

गुना।अनंत न्यूज़

जिले के बमौरी ब्लॉक में कार्यरत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को पिछले 4 महीने से वेतन नहीं मिला है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे इन कर्मचारियों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज कराई। कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उनकी समस्या पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं, जिसके चलते उन्हें मजबूरन कलेक्टर की शरण लेनी पड़ी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर सेवाएं दे रहे स्वास्थ्य विभाग के करीब 300 कर्मचारियों का वेतन पिछले 4 माह से अटका हुआ है। कर्मचारियों ने जनसुनवाई में अपना दुखड़ा रोते हुए बताया कि उन्हें विभाग की ओर से मात्र 10 हजार 600 रुपए का अल्प मासिक वेतन मिलता है। इतने लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात इस कदर खराब हो चुके हैं कि फील्ड और ड्यूटी पर आने-जाने के लिए वाहनों में पेट्रोल डलवाने तक के पैसे उनके पास नहीं बचे हैं। मजबूरी में कर्मचारियों को पेट्रोल डलवाने और दैनिक खर्चे चलाने के लिए दूसरों से कर्ज लेना पड़ रहा है। पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने वेतन भुगतान के लिए कई बार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के चक्कर काटे और अपनी समस्या से अवगत कराया। लेकिन, अधिकारियों की ओर से उन्हें सिर्फ टालमटोल भरे जवाब ही मिले। विभाग की इसी उपेक्षा से परेशान होकर मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मी जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल रुका हुआ वेतन दिलाने की गुहार लगाई है।