यातायात पुलिस की अनूठी पहल
ट्रैफिक मित्र अभियान से जगाई सड़क सुरक्षा की अलख
गुना। अनंत न्यूज़
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए गुना पुलिस ने एक प्रभावी कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा ह्लट्रैफिक मित्रह्व अभियान की शुरूआत की गई है, जिसके तहत आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
6 मई 2026 की शाम जय स्तंभ चौराहा पर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यातायात थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में लगभग 30 युवाओं को ह्लट्रैफिक मित्रह्व के रूप में प्रशिक्षित किया गया। इन युवाओं को सड़क सुरक्षा, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता और सड़क अनुशासन बनाए रखने के गुर सिखाए गए, ताकि वे पुलिस के सहयोगी बनकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद कर सकें। जागरूकता अभियान के दौरान उन वाहन चालकों को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया जो हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग कर नियमों का पालन कर रहे थे। पुलिस ने संदेश दिया कि नियमों का पालन केवल दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
निकाली गई पैदल रैली
प्रशिक्षण के बाद जय स्तंभ चौराहा से लक्ष्मीगंज रोड और जगत तिराहा होते हुए एक पैदल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक मित्रों ने तख्तियों और नारों के माध्यम से लोगों को नशे में वाहन न चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने का आग्रह किया। यातायात पुलिस की इस सकारात्मक पहल की शहरवासियों ने काफी सराहना की है।