संदीपनी विद्यालय में सृजन कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को मिला शिक्षा, संस्कार, कानून और सड़क सुरक्षा का संदेश
गुना।दयालवाणी
मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार गुना पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल पर बुधवार को संदीपनी शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ह्यसृजन कार्यक्रमह्ण का आयोजन किया गया। कलेक्टर किशोर कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरवय विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार, बाल संरक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य आशीष टांटिया ने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और कानूनों की जानकारी देना समय की मांग है, ताकि वे किसी भ्रम या गलत संगति का शिकार न हों। मुख्य वक्ता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दूसरों के साथ वैसा व्यवहार न करें जो स्वयं के लिए पसंद न हो। उन्होंने आगाह किया कि छात्र जीवन में की गई एक छोटी सी गलती भी पूरे करियर को प्रभावित कर सकती है, इसलिए कानून का पालन कर अनुशासित जीवन जिएं। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय, यातायात प्रभारी अजय प्रताप सिंह, उप निरीक्षक ज्योति राजपूत और चंचल तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।