गौवंश के अवशेष की तस्करी करते पकड़ा गया युवक , गौसेवकों ने दर्ज कराई एफआईआर

गौवंश के अवशेष की तस्करी करते पकड़ा गया युवक , गौसेवकों ने दर्ज कराई एफआईआर
कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे गौसेवक

अनंत न्यूज़ @गुना। सोशल मीडिया पर एक मोटरसाइकिल सवार द्वारा गौवंश के अवशेष ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद जिले का माहौल गरमा गया है। इस वीडियो को देख गौसेवकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में गौसेवक पहले सिटी कोतवाली पहुँचे, जहाँ से उन्हें घटनास्थल बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र का होने के कारण संबंधित थाने भेज दिया गया है। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

गौसेवकों के अनुसार, वायरल वीडियो 13 फरवरी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल से गौवंश की हड्डियां ले जाते हुए जिस शख्स को पकड़ा गया है, उसकी पहचान आरोन निवासी जायद खान के रूप में हुई है। पकड़े जाने के बाद जायद खान ने वीडियो में अपना जुर्म स्वीकारते हुए करनैलगंज निवासी अकरम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जायद का कहना है कि वह अकरम के कहने पर यह कार्य कर रहा था। गौसेवकों का दावा है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे इलाके में गौ-तस्करी और मृत गायों के अवशेषों को अवैध रूप से बेचने वाले एक बड़े गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। शनिवार को आक्रोशित गौसेवक सबसे पहले सिटी कोतवाली पहुँचे और कार्रवाई की मांग की। हालांकि, वीडियो बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने उन्हें वहां जाने की सलाह दी। इसके बाद सभी गौसेवक लामबंद होकर बजरंगगढ़ थाने के लिए रवाना हो गए। गौसेवकों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले इस कृत्य को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि मुख्य आरोपी अकरम, जायद खान और इस पूरे नेक्सस में शामिल अन्य लोगों पर सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।