सूने घर में आगजनी, डेढ़ लाख नगदी सहित पूरी गृहस्थी खाक
बूढ़े बालाजी के हरिपुर रोड पर हुई घटना
अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के बूढ़े बालाजी हरिपुर रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां एक परिवार के आशियाने में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में परिवार का सब कुछ जलकर खाक हो गया है। पीड़ित परिवार ने अब प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 10 बजे की है। घर की मुखिया रानी सरवैया एक शादी समारोह में शामिल होने पवन कॉलोनी गई हुई थीं। इसी दौरान उनके सूने घर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरा घर आग की चपेट में आ गया। रानी सरवैया को जब पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी, तब वे बदहवास होकर मौके पर पहुँचीं। आग इतनी तेजी से फैली कि मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्काल अपने स्तर पर बाल्टियों और पानी के पाइप से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बताया जा रहा है कि जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुँची, तब तक मोहल्लेवासियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था। हालांकि, तब तक घर के अंदर रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। पीड़ित रानी सरवैया ने बताया कि आगजनी की इस घटना में घर में रखे डेढ़ लाख रुपए नकद, खाने-पीने का राशन, कपड़े और गृहस्थी का हजारों रुपये का सामान जल गया है। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि बच्चों की स्कूल की किताबें भी इस आग की भेंट चढ़ गर्इं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गया है और शासन-प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग कर रहा है।