बिल्हौर में 53 किलो का केक काटकर मनाया अखिलेश यादव का जन्मदिन
रचना सिंह गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लिया विधानसभा चुनाव में सपा को जीत दिलाने का संकल्प
बिल्हौर।अनंत न्यूज़
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिवस पर बिल्हौर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजवादी पार्टी की बिल्हौर विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी रचना सिंह गौतम और विधानसभा अध्यक्ष इंजी. विनय यादव के नेतृत्व में केंद्रीय कार्यालय पर 53 किलोग्राम का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच केक, मिष्ठान एवं शरबत का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रचना सिंह गौतम ने कहा कि अखिलेश यादव ने सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास की राजनीति को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इंजी. विनय यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश को एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल, आधुनिक पुलिस मुख्यालय, क्रिकेट स्टेडियम, 108 एम्बुलेंस और डायल-100 जैसी कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित रही है।
जिला उपाध्यक्ष साहिर हुसैन जाफरी और राष्ट्रीय सचिव बैकुंठ नाथ भारती ने भी अखिलेश यादव के नेतृत्व और विकास कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जीत दिलाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।