पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के प्राध्यापकों ने बांधी काली पट्टी, दिया ज्ञापन
गुना। अनंत न्यूज़
मध्यप्रदेश शासकीय प्राध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर आनंद शर्मा के आह्वान पर 1 जुलाई को प्राध्यापकों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर आंदोलन के प्रथम चरण की शुरूआत की। इसके अंतर्गत प्रदेशभर के साथ-साथ शासकीय पीजी महाविद्यालय गुना के प्राध्यापकों, क्रीड़ा अधिकारियों और ग्रंथपालों ने भी कार्यस्थल पर सांकेतिक रूप से काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार धाकड़ ने प्राचार्य के समक्ष प्राध्यापकों का मांगपत्र पढ़कर सुनाया। प्राध्यापक संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2004-2005 में नियुक्त बैकलॉग सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि दो वर्ष में समाप्त कर कैरियर एडवांसमेंट का लाभ देने, आवश्यक योग्यता के लिए वर्ष 2028 तक का अवसर देने, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और यूजीसी के नियमानुसार पे-मैट्रिक्स 14 का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा क्रीड़ा अधिकारियों व ग्रंथपालों को प्राध्यापक पदनाम देने, वर्ष 2009, 2011 व 2019 में नियमितीकरण से वंचित शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त करने, उच्च पदनाम प्रदान करने, सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन व अन्य भुगतानों को प्राथमिकता देने तथा पिछले 10 वर्षों से लंबित परामर्शदात्री समिति की बैठक शीघ्र आयोजित करने की मांग उठाई गई। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कोषाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार भिरोरिया, उपाध्यक्ष हिंदू सिंह धाकड़, प्रो. अर्चना तिवारी, डॉ. ललित नामदेव, प्रो. मुकेश कुमार गोयल सहित कॉलेज के समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे। प्राध्यापकों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ, तो आगामी चरणों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।