आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, एफआईआर की मांग

जसवंतनगर में शांतिपूर्ण मार्च निकालकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग

आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, एफआईआर की मांग

जसवंतनगर (इटावा)।अनंत न्यूज़

पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद  एवं उम्मुल मोमिनीन के संबंध में नाजिया इलाही द्वारा कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को जसवंतनगर में मुस्लिम समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक दायरे में किया गया।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि के अनुसार एफआईआर दर्ज की जाए तथा सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में कहा गया कि कथित टिप्पणियों से देश-विदेश के करोड़ों मुसलमानों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिससे समाज में गहरा रोष व्याप्त है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपील की कि सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, धार्मिक व्यक्तित्व या आस्था के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी समाज में तनाव पैदा कर सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में कानून के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से किया गया है तथा वे न्यायपालिका और कानून के शासन में पूर्ण विश्वास रखते हैं। उन्होंने सभी लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील भी की।