भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में दर्जनभर संगठनों ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को सौंपा ज्ञापन

निष्पक्ष जांच की मांग

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में दर्जनभर संगठनों ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को सौंपा ज्ञापन

गुना। अनंत न्यूज़

शहर का बहुचर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामला अब पूरी तरह से सामाजिक और राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को गुना के ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। इस दौरान संगठनों ने केंद्रीय मंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की पुरजोर मांग की है।

केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि भौंपुरा विहार निवासी भरत तिवारी की पुलिस द्वारा निर्मम हत्या की गई है। सामाजिक प्रतिनिधियों ने सिंधिया से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाए और जो भी पुलिस अधिकारी इस मामले में दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के भविष्य को देखते हुए ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि भरत तिवारी के आश्रित परिजनों को उचित आर्थिक सहायता और भरण-पोषण की मुकम्मल व्यवस्था प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान सामाजिक संगठनों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस संवेदनशील मामले में जल्द ही निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरा समाज व्यापक स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। गौर करने वाली बात यह है कि इस ज्ञापन पर केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि नगर के विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की इस मुहिम में मुस्लिम समाज, वाल्मीकि समाज, कुशवाह समाज, खटीक समाज, सेन समाज, कश्यप समाज, रंगरेज समाज, अधिकार समाज और पेंशनर्स संघ सहित करीब दर्जनभर सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी प्रमुख रूप से शामिल हैं।