हनुमान जयंती मेले को लेकर यातायात व्यवस्था सुदृढ़, चालकों को दिए गए दिशा-निर्देश

हनुमान जयंती मेले को लेकर यातायात व्यवस्था सुदृढ़, चालकों को दिए गए दिशा-निर्देश

अनंत न्यूज़ @गुना। आगामी हनुमान जयंती महोत्सव के अवसर पर टेकरी सरकार में आयोजित होने वाले विशाल मेले को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। पुलिस कप्तान हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक  मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में थाना यातायात प्रभारी टीआई अजय प्रताप सिंह द्वारा यातायात थाना परिसर में ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में चालकों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखने, निर्धारित किराया लेने, ओवरलोडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा नियंत्रित गति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सवारियों को बीच सड़क या हाईवे पर न उतारकर निर्धारित पार्किंग स्थलों तक सुरक्षित पहुंचाने की समझाइश दी गई।

यातायात व्यवस्था के तहत फतेहगढ़ मार्ग से आने वालों के लिए कुशवाह ढाबा पार्किंग, दो खंभा मार्ग से आने वालों के लिए सकतपुर पार्किंग तथा शहर से आने वालों के लिए बूढ़े बालाजी मैदान पार्किंग निर्धारित की गई है। चालकों को गलत दिशा में वाहन न चलाने एवं टेकरी पुल फ्लाईओवर पर वाहन खड़ा न करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस द्वारा मेले के दौरान सतत निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी, वहीं नियमों का पालन करने वाले चालकों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

बैठक में लगभग 110 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक उपस्थित रहे। अंत में सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए “सुरक्षित यात्रा, सुखद दर्शन” का संदेश दिया गया।