आरोन पुलिस ने बाइक चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
विवाह समारोह से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
गुना |अनंत न्यूज़
जिले के आरोन थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली है।
24 जून को आरोन की रघुवंशी धर्मशाला में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान बाहर खड़ी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की।
29 जून की रात पुलिस ने राहुल ओझा और राजू ओझा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोन थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। गुना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती जारी रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।