जनसुनवाई में 310 आवेदनों पर सुनवाई, कई मामलों का मौके पर ही हुआ निराकरण

कलेक्टर ने जरूरतमंद को रेडक्रॉस से ₹10 हजार की सहायता दिलाई, आवास संबंधी शिकायतों का भी हुआ त्वरित समाधान

जनसुनवाई में 310 आवेदनों पर सुनवाई, कई मामलों का मौके पर ही हुआ निराकरण

गुना |अनंत न्यूज़

कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 310 आवेदनों पर सुनवाई हुई और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य और नामांतरण सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व और पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए बनाई गई विशेष टीम की मदद से कई शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। आवास योजना से जुड़े 11 प्रकरणों का भी मौके पर निराकरण किया गया।

इस दौरान कलेक्टर ने कैंट निवासी जरूरतमंद धीरज खटीक को उपचार के लिए रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड, नेत्र परीक्षण, एचआईवी जांच और नि:शुल्क कानूनी सहायता जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराईं।

जनसुनवाई में अपर कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।