आज से सुबह और शाम घर-घर आएंगे जनगणना प्रगणक
लू से बचने के लिए हिदायत, दो शिफ्टों में गिने जाएंगे मकान
गुना। अनंत न्यूज़ गुना जिले में भी 01 मई 2026 से जनगणना 2027 का प्रथम चरण 'मकान सूचीकरण और गणना' शुरू होने जा रहा है। इस महाअभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को भोपाल से जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक श्री कार्तिकेय गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की। जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल ने स्थानीय एनआईसी कक्ष में बैठक लेकर प्रगणकों की सुरक्षा और कार्य की शुद्धता को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
जनगणना के इस पहले चरण में प्रगणक प्रत्येक घर जाकर 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे। इसमें मुख्य रूप से मकान की वर्तमान स्थिति और परिवार को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं का ब्यौरा शामिल होगा। कार्य की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) की नियुक्ति की गई है, जो फील्ड वर्क की निगरानी करेंगे। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। जनगणना का कार्य सुबह 08 से 12 बजे तक और शाम को 04 से 07 बजे के बीच ही किया जाएगा, ताकि कर्मचारी दोपहर की तपिश से बच सकें। सभी कर्मचारियों को अपने साथ पानी की बोतल और गमछा रखने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा प्रगणकों को मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई जा रही है। सभी फील्ड स्टाफ को परिचय पत्र और नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें कार्य के दौरान प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने गुना के समस्त नागरिकों से अपील की है कि जब प्रगणक आपके घर पहुंचें, तो उन्हें सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। प्रशासन ने इस कार्य को जिले में दो सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। कलेक्टर ने सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं ताकि फील्ड पर आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण हो सके। जनगणना कार्य को उत्साहपूर्वक और समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कलेक्टर ने घोषणा की है कि जनगणना कार्य के लिए मिलने वाले मानदेय के अतिरिक्त, जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह प्रगणकों/कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।