संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल से टीकाकरण, दवा वितरण ठप
लगातार चौथे दिन भी हड़ताल पर डटे रहे आंदोलनकारी
गुना। अनंत न्यूज़
नियमितीकरण सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की बेमियादी हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रही। जिला अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर तंबू लगाकर संविदा कर्मचारी पूरी ताकत से आंदोलन पर डटे हुए हैं। इस प्रांतीय आह्वान पर की जा रही हड़ताल के कारण जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं लगातार चरमरा रही हैं, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल के चलते ग्रामीण और शहरी इलाकों में नियमित टीकाकरण, ओपीडी में दवा वितरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग और डेटा एंट्री जैसी बेहद जरूरी सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। आंदोलनकारियों का आरोप है कि प्रदेश सरकार उनकी जायज मांगों पर विचार करने और बड़ा दिल दिखाकर उन्हें पूरा करने के बजाय, उल्टे अलग-अलग प्रशासनिक हथकंडों का इस्तेमाल कर हड़ताल को जबरन समाप्त कराने का दबाव बना रही है। संविदा स्वास्थ्य संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे मध्य प्रदेश में इस समय 32 हजार से ज्यादा संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर हैं। जबकि गुना में सभी 417 कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए हैं। सालों से अल्प मानदेय पर सेवाएं देने के बाद भी उनके नियमितीकरण की नीति लागू नहीं की जा रही है। कर्मचारियों ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस और लिखित आदेश जारी नहीं करती, तब तक जिला अस्पताल के बाहर उनका यह धरना और काम बंद आंदोलन लगातार जारी रहेगा।