भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब
अंतरराज्यीय अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, 10 महिलाओं सहित 11 आरोपी गिरफ्तार
गुना। अनंत न्यूज़
शहर में निकाली गई प्रसिद्ध भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले शातिर अपराधियों पर गुना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और गहन सीसीटीवी विश्लेषण की मदद से आगरा (उत्तर प्रदेश) के दो अंतर्राज्यीय गिरोहों का पदार्फाश करते हुए 10 महिलाओं और 1 पुरुष सहित कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए दो सोने के मंगलसूत्र तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दो लग्जरी कारें, जिनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये है, बरामद कर ली गई हैं।
उल्लेखनीय है कि 19 जुलाई 2026 को गुना शहर में विशाल भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई थी। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात अपराधियों ने फरियादिया रामकुंवर ओझा (66 वर्ष, निवासी बीजी रोड) और कल्पना दुबे (48 वर्ष, निवासी भगत सिंह कॉलोनी) के गले से सोने के मंगलसूत्र पार कर दिए थे। पीड़ितों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 401/26 एवं 402/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत मामले दर्ज कर जांच शुरू की थी। धार्मिक आयोजन में हुई इस गंभीर वारदात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी आनंद राय के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम ने जांच की कमान संभाली। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सतत निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से आए दो अलग-अलग गिरोहों की पहचान की।
दो मामलों में कार्रवाई, 11 आरोपी गिरफ्तार
इस आपराधिक घटनाक्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। पहला मामला अपराध क्रमांक 401/26 था। इसमें पुलिस ने प्रतिबाद शाहपुरा आगरा निवासी संगीता उर्फ सुमन (40 वर्ष), चिंता बाई (70 वर्ष), बादेला जगदीशपुरा निवासी अनोखी (35 वर्ष), तथा शाहगंज आगरा निवासी प्रिया (25 वर्ष) व हिना (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके पास से लगभग 2 लाख रुपये का सोने का मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त अर्टिगा कार (वढ14 ऊउ 6661, कीमत लगभग 10 लाख रुपये) जब्त की गई। इस प्रकरण में कुल 12 लाख रुपये का मशरूका बरामद हुआ। दूसरा मामला अपराध क्रमांक 402/26 से संबंधित था। दूसरे गिरोह के सदस्य प्रकाश माहोर (28 वर्ष, शाहगंज आगरा), करिश्मा (27 वर्ष), नाजीमा (27 वर्ष), आरती उर्फ मीरा (60 वर्ष), सपना (35 वर्ष) और वर्षा उर्फ कमलेश (45 वर्ष, सभी निवासी आगरा) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 1.50 लाख रुपये का मंगलसूत्र और बलेनो कार सहित कुल 8 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
तकनीक आधारित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण
गुना पुलिस की इस त्वरित सफलता में कोतवाली थाना, कैंट थाना, सायबर सेल (प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह चौहान व टीम) और सीसीटीवी कंट्रोल रूम (प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय व टीम) की संयुक्त और सुनियोजित भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर अपराध करने वाले संगठित और बाहरी अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।