युवक से बेदर्दी से मारपीट, फिल्मी गाने के साथ वीडियो किया वायरल
पुलिस ने 5 पर दर्ज की एफआईआर
गुना/कुंभराज।अनंत न्यूज़
कुंभराज थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ दबंगों के एक गुट ने एक युवक को घेरकर न केवल चप्पलों और लात-थप्पड़ों से बेदर्दी से पीटा, बल्कि पीड़ित की बेबसी का वीडियो बनाकर उस पर फिल्मी गाना लगाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई कुंभराज पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पाँच आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजू प्रजापति का बीते 16 जुलाई की रात रामसिंह केवट नामक व्यक्ति से किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। उस वक्त मामला शांत हो गया था, लेकिन अगले दिन सुबह आरोपियों ने साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता जगदीश प्रजापति ने बताया कि 17 जुलाई की सुबह आरोपी पंकज उनके घर पहुँचा और उनके भाई राजू को झांसा देकर अपने साथ बुलाकर ले गया। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे पहलवान केवट, जितेन्द्र केवट, छोटेलाल केवट और राहुल केवट ने राजू को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने राजू को गंदी-गंदी गालियाँ देते हुए चप्पलों और लात-थप्पड़ों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। दबंगों ने न केवल मारपीट की बल्कि उसे जान से मारने की धमकियाँ भी दीं।
फिल्मी गाने के साथ सोशल मीडिया पर वायरल किया वीडियो
अत्याचार की हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने पीड़ित की लाचारी और यातना का अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया। दबंगों ने अपनी दबंगई का खौफ पैदा करने के मकसद से इस वीडियो के बैकग्राउंड में एक फिल्मी गाना जोड़ा और उसे सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिया। इधर, लोक-लाज और दबंगों के खौफ के कारण पीड़ित राजू प्रजापति ने अपने साथ हुई इस दरिंदगी की भनक अपने परिवार तक को नहीं लगने दी। परिजनों को घटना का पता तब चला जब उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर तैर रहे इस दिल दहला देने वाले वीडियो को देखा।
उलटे पीड़ित को भिजवा दिया जेल, अब हरकत में आई पुलिस
मामले में प्रशासनिक और कानूनी मोड़ तब आया जब घटना के तुरंत बाद आरोपियों ने शातिर चाल चलते हुए उलटे राजू प्रजापति के खिलाफ ही पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। कुंभराज पुलिस के अनुसार, राजू के खिलाफ न्यायालय का एक पुराना स्थायी वारंट लंबित था। पुलिस ने वारंट की तामीली करते हुए राजू को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। जेल की सलाखों के पीछे बंद बेबस राजू की व्यथा तब उजागर हुई जब उसकी पिटाई का वीडियो इलाके में तेजी से शेयर होने लगा। जब पीड़ित के परिजन वायरल वीडियो लेकर थाने पहुँचे, तब जाकर पुलिस को पूरी सच्चाई का पता चला। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कुंभराज थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और पाँचों नामजद आरोपियों—पंकज, पहलवान केवट, जितेन्द्र केवट, छोटेलाल केवट और राहुल केवट के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में शामिल कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।