बुलेट राजा को सबक! कर्कश साइलेंसरों पर चला रोड रोलर

मॉडिफाइड बाईक पर कार्रवाई कर एक लाख से ज्यादा का जुर्माना

बुलेट राजा को सबक! कर्कश साइलेंसरों पर चला रोड रोलर
कान फोडू साइलेंसरों को सरेराह कुचल दिया गया।

गुना।अनंत न्यूज़

शहर की सड़कों पर बुलेट के कर्कश और बम जैसे धमाके करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों पर यातायात पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए अनोखा सबक सिखाया। बुधवार दोपहर हनुमान चौराहा, जिला न्यायालय मार्ग पर जब तेज रफ्तार और कानों को चुभने वाले 80 से अधिक अवैध साइलेंसरों पर रोड रोलर गरजा, तो वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर तारीफ की।

दरअसल एसपी हितिका वासल के निर्देशन, एडिशनल एसपी प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और डीएसपी मुकेश कुमार दीक्षित के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई ने नियम तोड़ने वालों को कड़ा संदेश दिया है। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह, आरआई हर्ष यादव, आरआई अविनाश उमरैया और सूबेदार यशवंत रघुवंशी की टीम ने हनुमान चौराहा स्थित पुलिस पेट्रोल पंप के सामने मुख्य सड़क पर ही दर्जनों जब्त साइलेंसर बिछाकर उन पर भारी-भरकम रोड रोलर चला दिया ताकि वे दोबारा इस्तेमाल न हो सकें। डीएसपी यातायात मुकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि लगभग 2 महीनों से तेज आवाज कर आमजन, बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान न केवल 80 अवैध साइलेंसर जब्त किए गए, बल्कि वाहन चालकों से करीब एक लाख 25 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। गुना में पहली बार सार्वजनिक रूप से साइलेंसरों को नष्ट करने का यह नजारा देखकर राहगीर भी हैरान रह गए। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।