शिक्षक या तो रोज पढ़ाने आएं या कराएं तबादला
स्कूल न आने वाले 'सरपंच पति' शिक्षक की जनपद सदस्य ने कलेक्टर से की शिकायत
गुना। अनंत न्यूज़
शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी और गैर-हाजिरी को लेकर जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद लापरवाही के मामले थम नहीं रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गुना तहसील के ग्राम चांदोल से सामने आया है, जहाँ प्राथमिक स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक पर स्कूल आने के बजाय सरपंच पति की भूमिका निभाने का आरोप लगा है।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जनपद सदस्य गिरराज यादव ने कलेक्टर से इस मामले की लिखित शिकायत करते हुए उक्त शिक्षक पर सख्त कार्रवाई या तबादले की मांग की है। जनपद सदस्य गिरराज यादव (निवासी ग्राम बादल, ग्राम पंचायत गोपालपुर टकटईया) ने कलेक्टर को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि ग्राम चांदोल के शासकीय प्राथमिक स्कूल में शिवकुमार नामक शिक्षक पदस्थ हैं। शिक्षक शिवकुमार की पत्नी वर्तमान में सरपंच हैं। आरोप है कि शिक्षक शिवकुमार अपनी शासकीय सेवा और बच्चों के भविष्य के प्रति गंभीर नहीं हैं। वे नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं और शिक्षक के दायित्वों से ज्यादा उनका ध्यान अपनी पत्नी की 'सरपंची' संभालने और पंचायत के कामकाज पर रहता है। जनसुनवाई में पहुंचे जनपद सदस्य गिरराज यादव ने कलेक्टर के समक्ष दोटूक शब्दों में अपनी मांग रखी। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन से मांग की गई है कि या तो शिक्षक शिवकुमार को नियमित रूप से स्कूल आकर बच्चों को पढ़ाने के लिए पाबंद किया जाए, और यदि वे ऐसा नहीं कर सकते, तो उनका तबादला तुरंत चांदोल स्कूल से किसी अन्य क्षेत्र में कर दिया जाए ताकि बच्चों को नियमित शिक्षक मिल सके। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।