नानाखेड़ी-उमरी रोड पर सब्जी मंडी का जाम
स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए आफत बना सड़क पर अतिक्रमण, नई मंडी की धीमी रफ्तार से बढ़ी मुसीबत
गुना। अनंत न्यूज़
शहर की नानाखेड़ी-उमरी रोड पर रोजाना सुबह और शाम के वक्त लगने वाली सब्जी मंडी अब स्कूली बच्चों और आम राहगीरों के लिए एक बड़ी मुसीबत बन चुकी है। मुख्य सड़क पर पसरे दुकानदारों के अतिक्रमण और प्रशासनिक अव्यवस्था के चलते इस व्यस्त मार्ग पर हर समय भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। इस अव्यवस्था के कारण सबसे ज्यादा परेशानी और मानसिक तनाव स्कूल आने-जाने वाले मासूम बच्चों और उनके अभिभावकों को उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों और अभिभावकों के मुताबिक, नानाखेड़ी-उमरी रोड पर ट्रैफिक का दबाव पहले से ही काफी अधिक है, और ऊपर से सड़क के दोनों ओर सजने वाली सब्जी दुकानें इस मार्ग को और संकरा कर देती हैं। इसके चलते स्कूली बसें, वैन और आॅटो घंटों इस लंबे जाम में फंसे रहते हैं। स्कूल के लिए देर होने के डर से मासूम बच्चे अक्सर स्कूल वैन या आॅटो से बीच रास्ते में ही उतर जाते हैं। इसके बाद वे भारी-भरकम वाहनों और बेलगाम दौड़ते ट्रैफिक के बीच से जैसे-तैसे रास्ता बनाते हुए पैदल स्कूल जाने को मजबूर हैं। इस बेहद व्यस्त सड़क पर हर पल हादसों का डर बना रहता है, लेकिन स्थानीय प्रशासन इस दैनिक अव्यवस्था को लेकर पूरी तरह मूकदर्शक बना बैठा है।
भूमि पूजन के बाद भी काम ठप, कब मिलेगी राहत?
चौंकाने वाली बात यह है कि प्रशासन के पास इस समस्या का स्थाई समाधान पहले से मौजूद है। गुना की इस नई सब्जी मंडी को एकलव्य विद्यालय के पास विधिवत जगह आवंटित की जा चुकी है। इतना ही नहीं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नई मंडी का भूमि पूजन भी बेहद धूमधाम से संपन्न हो चुका है। प्रशासनिक योजना के मुताबिक, एकलव्य विद्यालय के पास एक आधुनिक सर्वसुविधायुक्त मंडी का निर्माण होना है, जिसके तैयार होते ही पूरी नानाखेड़ी सब्जी मंडी को वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।