गंदगी मिलने पर नाराज हुए नवागत सीएमओ

दो सफाईकर्मी और एक मैट का वेतन काटा, गंदगी मिलने पर 500 का चालान

गंदगी मिलने पर नाराज हुए नवागत सीएमओ
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को निर्देश देते सीएमओ।

गुना।अनंत न्यूज़

नगर पालिका के नवागत मुख्य नगरपालिका अधिकारी शैलेष अवस्थी ने पदभार ग्रहण करते ही शहर की चरमराई व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। रविवार को छुट्टी के दिन भी सीएमओ ने अचानक गुना शहर की सड़कों पर उतरकर औचक भ्रमण किया और सफाई व्यवस्था का धरातलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 17 का दौरा कर बस स्टैंड, सब्जी मंडी और जिला अस्पताल के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जब सीएमओ बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचे, तो वहां कई जगह भारी गंदगी और कचरे के ढेर पाए गए। इसे देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और मौके पर ही मातहतों को फटकार लगाई। कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने पर सीएमओ ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सफाई कर्मचारी का तीन दिन का और सफाई मैट का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए। सीएमओ ने दो टूक शब्दों में कहा कि बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक और व्यस्त क्षेत्रों में निरंतर सफाई व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। ये शहर के मुख्य प्रवेश द्वार हैं, यहां किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दुकानदारों पर जुमार्ना, कोतवाली गली में मोची का 500 का चालान

भ्रमण के दौरान कुछ दुकानदार नगर पालिका के स्वच्छता अभियान में सहयोग न करते हुए अपनी दुकानों के बाहर गंदगी फैलाते पाए गए। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सीएमओ के निर्देश पर मौके पर ही तत्काल चालानी कार्रवाई की गई। इसी कड़ी में, निरीक्षण दल जब कोतवाली गली क्षेत्र में पहुंचा, तो वहां भारी गंदगी व्याप्त थी। क्षेत्र में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए वहां बैठे एक मोची का 500 का चालान काटा। सीएमओ ने साफ चेतावनी दी है कि शहर को साफ और सुंदर रखने के काम में जो भी व्यवधान डालेगा, उस पर इसी तरह सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सफाई के बाद अगला निशाना: अवैध अतिक्रमण

सफाई व्यवस्था में और अधिक सुधार की जरूरत को स्वीकार करते हुए सीएमओ शैलेष अवस्थी ने अपनी आगामी कार्ययोजना भी स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि हम शहर के विकास और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए चरणबद्ध (स्टेप-बाय-स्टेप) तरीके से काम कर रहे हैं। हमारी पहली प्राथमिकता शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद करना है, और इसके तुरंत बाद शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में फैले अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए एक बड़ी मुहिम शुरू की जाएगी। अंत में, सीएमओ ने गुना के आम नागरिकों और व्यापारिक संगठनों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में नगर पालिका प्रशासन का सहयोग करें, कचरा हमेशा डस्टबिन में ही डालें और अपने आसपास अनिवार्य रूप से सफाई रखें।