यात्री बसों के विरुद्ध परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
बिना परमिट-फिटनेस चल रही बस जब्त, 62 हजार का जुर्माना
गुना। अनंत न्यूज़
जिले में यात्री बसों की सघन जांच का अभियान लगातार जारी है। इसी सिलसिले में बुधवार को परिवहन विभाग की टीम ने गुना के जज्जी बस स्टैंड पर एक विशेष जांच अभियान चलाया, जिससे बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान जज्जी बस स्टैंड पर लगभग 15 यात्री बसों को रोककर उनके दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। इसमें बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, फायर फाइटर (अग्निशमन यंत्र), फर्स्ट एड किट एवं अन्य सुरक्षा मानकों को देखा गया। इस दौरान बस क्रमांक एमपी 08 पी 0297 बिना वैध परमिट और फिटनेस के सरेराह सवारियां ढोते हुए पाई गई। परिवहन विभाग ने नियमों के इस गंभीर उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए बस को तुरंत जब्त कर लिया और मौके पर ही 52 हजार का भारी-भरकम शमन शुल्क वसूला। कार्रवाई के दौरान 7 अन्य यात्री बसों में भी कमियां पाई गईं। इन बसों में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) क्रियाशील न होने और पी.यू.सी. (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र) संबंधी दस्तावेज अपूर्ण होने पर कुल 10,500 की चालानी कार्रवाई की गई। इस प्रकार परिवहन विभाग ने बुधवार को कुल 62,500 की शमन व चालानी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस पूरी कार्रवाई में चेक प्वाइंट प्रभारी संतोष तोमर, आरटीओ कार्यालय से सुशील भार्गव, विवेक दुबे, प्रशांत गुप्ता सहित आरक्षक हेमंत रघुवंशी, ध्रुव मीणा और विभागीय अमला मुख्य रूप से मौजूद रहा। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बिना मानकों के बस संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।