जन्मदिवस पर कलेक्टर का संवेदनशील कदम, वृद्धाश्रम पहुंचकर लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद

आनंदधाम वृद्धाश्रम में व्यवस्थाओं का निरीक्षण, सोलर प्लांट और स्वास्थ्य जांच के दिए निर्देश

जन्मदिवस पर कलेक्टर का संवेदनशील कदम, वृद्धाश्रम पहुंचकर लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद

गुना।अनंत न्यूज़ 

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर शहर के कैंट क्षेत्र स्थित आनंदधाम वृद्धाश्रम का भ्रमण कर सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय दिया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना।

95 वर्षीय बुजुर्ग से मुलाकात बनी प्रेरणा
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने 95 वर्षीय मथुरालाल ओझा से विशेष भेंट की। इस उम्र में भी उनके आत्मनिर्भर जीवनशैली की सराहना करते हुए कलेक्टर ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है और उनका आशीर्वाद सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

सुझावों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
वृद्धाश्रम में बिजली बिल अधिक आने की समस्या पर कलेक्टर ने सोलर प्लांट स्थापित करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं परिसर में वृक्षारोपण की मांग पर उद्यानिकी विभाग को छायादार व उपयोगी पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को हर शनिवार कम से कम दो घंटे वृद्धाश्रम में उपस्थित रहकर बुजुर्गों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए प्रबंधन को निर्देश दिए कि प्रत्येक वृद्धजन की सुविधा, स्वास्थ्य और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

इस दौरान एसडीएम शिवानी पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं वृद्धजनों ने कलेक्टर का स्वागत कर उनके स्वस्थ और सफल जीवन की कामना की।