बसों की जांच करने उतरी ट्रैफिक और आरटीओ की टीम
7 पर जुर्माना, कई बसों की फिटनेस निरस्त
गुना।अनंत न्यूज़
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से बसों के खिलाफ सख्त जांच मुहिम शुरू की है। एसपी हितिका वासल के निर्देशन में थाना प्रभारी ट्रैफिक अजय प्रताप सिंह द्वारा जज्जी बस स्टैंड के एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट पर यात्री बसों की सघन चेकिंग की गई।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरटीओ ज्ञानेंद्र वैश्य और उनका अमला भी मौके पर मुस्तैद रहा। जांच टीम ने बसों की फिजिकल कंडीशन, आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों की विस्तृत पड़ताल की। नियमों का मखौल उड़ाने और बसों की हालत खस्ता पाए जाने पर आरटीओ द्वारा मौके पर ही कई बसों की फिटनेस निरस्त कर दी गई। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने यात्री सुरक्षा को ताक पर रखने वाली बसों पर कड़ा शिकंजा कसा। जिन बसों में फायर फाइटर, फर्स्ट एड किट, इमरजेंसी डोर और रिफ्लेक्टिव ट्रायंगल टेप जैसी अनिवार्य सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिलीं, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। मुहिम के दौरान कुल 7 बसों पर 11 हजार 500 रुपए का जुर्माना ठोंका गया। ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने वाली किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही जिले के समस्त बस आॅपरेटर्स की एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें उन्हें सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अंतिम समझाइश दी जाएगी। इसके साथ ही अब रात्रि में चलने वाली ओवरनाइट बसों सहित सभी बस चालकों का नियमित रूप से एल्कोहल टेस्ट (ब्रेथ एनालाइजर से जांच) भी कराया जाएगा, ताकि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चला सके। इस सख्त कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है।