भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग : हेमंत की कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नसीहत , नेतृत्व की सोच और विचारधारा पर गंभीरता से गौर करें कांग्रेसी
समापन सत्र में आज सिंधिया पढ़ाएंगे संगठन के प्रति समर्पण का पाठ
गुना।अनंत न्यूज़
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एबी रोड स्थित एक निजी परिसर में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ करने गुना पहुंचे। उन्होंने पार्टी का ध्वज फहराकर कार्यक्रम शुरुआत की घोषणा की। खंडेलवाल ने कार्यकर्ता निर्माण और पार्टी की विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए खंडेलवाल ने संगठन की मजबूती पर जोर देने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी सीख दे डाली।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें अपने शब्दों पर नियंत्रण रखने की नसीहत दी है। उन्होंने राहुल गांधी के बयानों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि किसी भी राजनैतिक दल के नेता को विश्वभर में लोकप्रिय नेता और देश के प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इस प्रकार के आचरण की जितनी निंदा की जाए वह कम है। खंडेलवाल ने कांग्रेस के आंतरिक नेतृत्व पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज ऐसी स्थिति बन चुकी है जहाँ कांग्रेस के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता को अपने शीर्ष नेतृत्व की सोच और कार्यप्रणाली पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।
यही है जागीर अपनी गुना की तो, किसी और को थोड़ी धंसने देंगे
अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले गुना विधायक पन्नालाल शाक्य एक बार फिर चर्चाओं में रहे। दरअसल, प्रशिक्षण वर्ग के दौरान लगी प्रदर्शनी के लोकार्पण के समय जब फीता काटा जा रहा था, तब विधायक पन्नालाल शाक्य थोड़े पीछे रह गए थे। उन्हें पीछे देख जब प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने पूछा कि विधायक जी कहां रह गए?, तो अपने चिरपरिचित अंदाज में पन्नालाल शाक्य तपाक से बोले- मैं तो यहीं रहूंगा। यही है जागीर अपनी गुना की तो। और किसी को थोड़ी धंसने देंगे। विधायक के इस दिलचस्प और बेबाक बयान पर प्रदेश अध्यक्ष भी मुस्कुरा दिए और चुटकी लेते हुए बोले— आज तो स्मार्ट लग रहे हो।
प्रदर्शनी में दिखी भाजपा के इतिहास की झलक
भाजपा के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष और भव्य प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसका लोकार्पण प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। इस प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना काल से लेकर अब तक के सफर को बेहद आकर्षक ढंग से दशार्या गया है। केंद्र सरकार द्वारा देशहित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों, विशेषकर जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने जैसे साहसिक कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। पार्टी की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक रहे सभी राष्ट्रीय अध्यक्षों के योगदान और उनकी जानकारी को रेखांकित किया गया है। इन सबके साथ ही गुना जिला भाजपा द्वारा समय-समय पर क्षेत्र में किए गए विभिन्न जनसेवा और विकास कार्यों को भी इस प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
सिंधिया आज आएंगे
प्रशिक्षण का समापन शनिवार को होगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पण का पाठ पढ़ाएंगे। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार, 23 मई 2026 को गुना जिले के भ्रमण पर रहेंगे। उनके इस अल्पप्रवास को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 23 मई को शिवपुरी से प्रस्थान करेंगे। वे दोपहर 12:30 बजे गुना पहुंचेंगे, जहां वे आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। गुना में विभिन्न आयोजनों और मुलाकातों के बाद, वे दोपहर 01:30 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।