बनेह गांव में 11 केवी लाइन की चपेट में आने से ऊंट की मौत
ग्रामीणों ने कई बार की थी शिकायत
गुना।अनंत न्यूज़
जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बनेह में बिजली कंपनी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां खेत में काफी नीचे झूल रहे 11 केवी हाईटेंशन मवेशी के लिए काल बन गए। शनिवार, 13 जून की सुबह इस हाईटेंशन लाइन के तारों की चपेट में आने से एक ऊंट की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान से मारवाड़ी समाज के लोग अपने भेड़ और ऊंटों को चराने के लिए गुना इलाके में आए हुए हैं। शनिवार सुबह जब वे बनेह गांव में स्थित तरुण भार्गव के खेत के पास से गुजर रहे थे, तभी वहां जमीन से महज चार से पांच फीट की ऊंचाई पर लटके 11 केवी बिजली लाइन के तारों की चपेट में एक ऊंट आ गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि ऊंट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और चरवाहों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद सूचना मिलने पर झागर पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं सुधारे तार
इस हादसे को लेकर ग्रामीणों और खेत मालिक में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। खेत मालिक तरुण भार्गव और स्थानीय लोगों ने बताया कि खेत में 11 केवी लाइन के तार पिछले काफी समय से खतरनाक ढंग से नीचे लटके हुए हैं। इसकी सूचना और शिकायत कई बार क्षेत्रीय विद्युत मंडल के अधिकारियों और बिजली कर्मचारियों से की जा चुकी थी, लेकिन जिम्मेदार अमले ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और तारों को ऊंचा करने की जहमत नहीं उठाई। बिजली कंपनी की इसी घोर लापरवाही के कारण आज यह दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को मुआवजा देने और लापरवाह बिजली कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।