ग्रामीणों की मारपीट के बाद वन विभाग का बड़ा एक्शन
8 जेसीबी मशीनों से 40 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त, बोए बीज
गुना/फतेहगढ़। अनंत न्यूज़
गुना वनमण्डल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र फतेहगढ़ में वन विभाग ने पुलिस और राजस्व बल के सहयोग से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 से 40 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी अक्षय राठौर के निर्देशन और उप वनमण्डलाधिकारी अन्तर सिंह अहोरिया के मार्गदर्शन में फतेहगढ़ के वन परिक्षेत्र अधिकारी रवि सिंह द्वारा 12 जून को अंजाम दी गई।
दरअसल, बीट कलोरा के कक्ष क्रमांक आरएफ 541 और पी 631 (ग्राम करामदा) में ग्रामीणों द्वारा वन भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया था। पूर्व में जब वन विभाग की टीम यहां पहुंची थी, तब अतिक्रमणकारियों ने उनके साथ मारपीट भी की थी। इस घटना के बाद वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शनिवार को भारी अमले के साथ टीम मौके पर पहुंची और 8 जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण रोधी कंटूर ट्रेंच (सीटी) की खुदाई कर जमीन को पूरी तरह बेदखल करा दिया। वन विभाग ने जमीन को मुक्त कराने के साथ ही खुदाई वाली जगह पर तुरंत बीज बुवाई का कार्य भी शुरू करवा दिया है, ताकि इस स्थल पर पुन: सघन वन स्थापित किया जा सके। कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारियों ने आसपास के ग्रामीणों को सख्त हिदायत और समझाइश दी कि यह पूरी जमीन वन विभाग की है; भविष्य में यदि किसी ने भी इस पर दोबारा अतिक्रमण करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। वन विभाग ने साफ किया है कि जिले में अतिक्रमण बेदखली का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस पूरी बड़ी कार्रवाई को पारदर्शी और सुव्यवस्थित रखने के लिए ड्रोन कैमरों की सहायता से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। इस संयुक्त कार्रवाई में गुना वनमण्डल का उड़नदस्ता दल, फतेहगढ़ और बमोरी थाने का पुलिस बल, बमोरी का राजस्व अमला सहित फतेहगढ़, बमोरी, गुना उत्तर और गुना दक्षिण वन परिक्षेत्र का भारी वन अमला मौके पर तैनात रहा।