गुना में ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई, 28 वाहनों पर 39,500 रुपये का जुर्माना
अनंत न्यूज़ @गुना | पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 मार्च 2026 को शहर के नानाखेड़ी रोड, मंडी रोड और कैंट रोड पर यातायात पुलिस ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मान सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और डीएसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में टीआई ट्रैफिक अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई ट्रैक्टरों में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक, लगभग 200-200 बोरी लदी पाई गई, वहीं बसों में भी क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाकर यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा था।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 3 ट्रैक्टरों पर 6-6 हजार और 2 बसों पर 5-5 हजार रुपये का चालान किया। कुल मिलाकर 28 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 39,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि यही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।