सिंधिया के सामने गूंजी गुना की 'गोविंद गार्डन' कॉलोनी की परेशानी

कूनो के जीर्णोद्धार और सौर ऊर्जा प्लांट का भी हुआ आगाज

सिंधिया के सामने गूंजी गुना की 'गोविंद गार्डन' कॉलोनी की परेशानी
सिंधिया के सामने नाराजगी जाहिर करते गोविंद गार्डन के रहवासी।
सिंधिया के सामने गूंजी गुना की 'गोविंद गार्डन' कॉलोनी की परेशानी

गुना।अनंत न्यूज़

केंद्रीय दूरसंचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र गुना के दो दिवसीय प्रवास पर हैं। दौरे के पहले दिन शुक्रवार को स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में उस समय हड़कंप मच गया, जब कैंट क्षेत्र की गोविंद गार्डन कॉलोनी के रहवासी प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश के साथ केंद्रीय मंत्री के सामने अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने इस समस्या को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए मौके पर ही कलेक्टर को कड़े निर्देश जारी किए। इसके साथ ही अपने दौरे में सिंधिया ने कूनो नदी के पुनर्जीवित करने की योजना और खुटियावद में सौर ऊर्जा संयंत्र का भव्य लोकार्पण भी किया।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न संगठनों और आम जनता ने केंद्रीय मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन सबसे प्रमुख मुद्दा गोविंद गार्डन कॉलोनी के रहवासियों का रहा। स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से सड़क, नाली और जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। रहवासियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि मानसून सिर पर है, लेकिन नगर पालिका ने जलभराव रोकने के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। उन्होंने मांग की कि पहले नदी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाए और फिर गुनिया नदी का गहरीकरण किया जाए, ताकि गोविंद गार्डन क्षेत्र डूबने से बच सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने तुरंत गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को तलब किया। उन्होंने कलेक्टर को इस गंभीर समस्या का तत्काल और स्थाई समाधान निकालने के सख्त लहजे में निर्देश दिए।

कूनो नदी के जीर्णोद्धार के लिए 42 करोड़ की योजना

सर्किट हाउस में जनसुनवाई पूरी करने के बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया गुना जिले के गंज गांव पहुंचे, जहां से कूनो नदी का उद्गम होता है। यहाँ उन्होंने नदी को पुनर्जीवित और संवारने के लिए स्वीकृत की गई 42 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस परियोजना से नदी क्षेत्र में 5.12 क्यूबिक मीटर जल संग्रहित किया जा सकेगा, जिससे क्षेत्र का भूजल स्तर सुधरेगा। आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और जल संकट से मुक्ति मिलेगी।

सिंधिया बोले-प्रकृति का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी

दौरे के अगले पड़ाव में केंद्रीय मंत्री ने खुटियावद में सनगार्नर एनर्जीज लिमिटेड द्वारा प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित 2 मेगावाट एवं 1.8 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्रों का उद्घाटन किया। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा, सौर ऊर्जा प्रकृति का अनमोल उपहार है। इसके उपयोग से हम पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास तीनों लक्ष्यों को एक साथ प्राप्त कर सकते हैं। इन दोनों सौर संयंत्रों से प्रतिवर्ष लगभग 60 लाख यूनिट स्वच्छ विद्युत उत्पादन होने का अनुमान है, जो ग्रामीण 11 केवी फीडरों के माध्यम से क्षेत्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करेगा। आगामी 10 से 15 दिनों में मीटरिंग की औपचारिकताएं पूरी होते ही नियमित आपूर्ति शुरू हो जाएगी। नोएडा स्थित सनगार्नर कंपनी के प्रबंध निदेशक सुमित तिवारी, कार्यकारी निदेशक रजनीश गौड़ एवं वरिष्ठ सलाहकार विकास सिंह ने इस दौरान प्रशासन और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, सांसद प्रतिनिधि हरि सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष शुभम रघुवंशी, बिट्ठलदास मीना, संतोष धाकड़, महेंद्र किरार सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।