गरीब महिलाओं की गुमठियों में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जला

शादी के सीजन के लिए कर्ज लेकर भरी थे बांस से बनी सामग्री

गरीब महिलाओं की गुमठियों में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जला

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर में सोमवार सुबह लगभग 7 बजे दो गरीब महिलाओं की गुमठियों में अचानक लगी आग ने उनकी आजीविका पर वज्रपात कर दिया है। बाँस के सूप और डलिया बेचकर अपना गुजर-बसर करने वाली इन महिलाओं का लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित महिलाओं के पैरों तले जमीन खिसक गई और अपनी मेहनत की कमाई को धुएं में तब्दील होते देख उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी सामने आई है कि पुरानी गल्ला मंडी परिसर में बांस के सूप-डलिया और विवाह की रीति-रिवाज में काम करने वाली बांस के अन्य सामग्री बेचने वाली फूलबाई वंशकर व रामसखी वंशकार की दुकानों में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। पीड़ित फूलबाई वंशकार बूढ़े बालाजी क्षेत्र की निवासी हैं, खबर मिलते ही जब अपनी दुकान पहुँचीं तो वहाँ सब कुछ खाक हो चुका था। फूलबाई के अनुसार, उनकी गुमठी में करीब 1 लाख रुपए का सामान रखा था। वहीं, दूसरी पीड़िता रामसखी वंशकार बजरंगगढ़ निवासी हैं, जो एक शादी समारोह में गई हुई थीं, लेकिन हादसे की खबर सुनते ही वे उल्टे पैर वापस लौट आईं। रामसखी का भी लगभग 60 से 70 हजार रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया है। महिलाओं ने बताया कि वर्तमान में शादियों का सीजन होने के कारण उन्होंने बाजार से भारी कर्ज लेकर माल का स्टॉक किया था। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बंद दुकानों के भीतर आग कैसे लगी? क्योंकि दुकान के अंदर बिजली का कोई कनेक्शन नहीं था, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना न के बराबर है। ऐसे में पीड़ितों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इस हरकत को अंजाम देने की आशंका जताई है। घटना के समय स्थानीय दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया, जिससे पास की दो अन्य दुकानें जलने से बच गर्इं। पीड़ित महिलाओं ने कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है और प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है ताकि वे अपना जीवन दोबारा शुरू कर सकें।