कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया सम्मानित
रवि भार्गव और राहुल रघुवंशी को मिला प्रशस्ति पत्र
गुना। शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, गति और कुशलता लाने के उद्देश्य से कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा शुरू किए गए नवाचार के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अपने कर्तव्यों का श्रेष्ठ तरीके से निर्वहन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कलेक्टर कार्यालय गुना के सहायक ग्रेड-03 रवि भार्गव और नजूल शाखा के कंप्यूटर आॅपरेटर राहुल रघुवंशी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और शासकीय कार्यों में सक्रियता के लिए सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने दोनों ही कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि जिले में कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर द्वारा प्रति माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने का नवाचार प्रारंभ किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है। सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में समर्पण के साथ सेवा दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और उत्कृष्ट कार्यशैली के माध्यम से ही गुना जिले को प्रदेश और देश स्तर पर अग्रणी बनाया जा सकता है।