कलेक्टर-विधायक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया फसल बीमा जागरूकता रथ
गुना। दयालवाणी
खरीफ मौसम 2026 के अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से विधायक पन्नालाल शाक्य एवं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने फसल बीमा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और गांवों में पहुंचकर किसानों को फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी देगा तथा उनकी शंकाओं व समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़कर प्राकृतिक आपदाओं और प्रतिकूल मौसम से होने वाले फसल नुकसान से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। कृषि विभाग के अनुसार, अल-नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष कम वर्षा और सूखे की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए विभाग ने जिले के सभी ऋणी एवं अऋणी कृषकों से अपनी फसलों का बीमा कराने की अपील की है। खरीफ 2026 की फसलों का बीमा कराने और पोर्टल पर प्रविष्टि की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इस अवसर पर सहायक संचालक कृषि राजबीर सिंह तोमर, सहायक संचालक अरुण पाटीदार सहित एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।