शहर के मुख्य मार्गों से हटाया गया अतिक्रमण सुगम यातायात के लिए प्रशासन ने की सख्ती

शहर के मुख्य मार्गों से हटाया गया अतिक्रमण  सुगम यातायात के लिए प्रशासन ने की सख्ती

अनंत न्यूज़ @गुना। शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाने और अतिक्रमण की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए सोमवार को नगर पालिका प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजुषा खत्री के निर्देश पर रेलवे स्टेशन रोड और कोआॅपरेटिव बैंक के आसपास से अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे व्यवसाय करने वालों और मार्ग अवरुद्ध करने वालों पर जुमार्ने की कार्रवाई भी की गई।
प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजुषा खत्री ने बताया कि इन क्षेत्रों में अत्यधिक अतिक्रमण के कारण बार-बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही थी। वर्तमान में विवाह समारोहों के मुहूर्त के चलते शहर में बाहर से आने वाले नागरिकों और वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण से यातायात बुरी तरह बाधित हो रहा था, जिसे ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण दस्ता प्रभारी अमित कुमार आर्य के नेतृत्व में अमले ने सड़कों को साफ कराया। प्रशासन ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे मुख्य मार्गों और सड़कों के किनारे किसी भी प्रकार का स्थाई या अस्थाई अतिक्रमण न करें। अतिक्रमण से न केवल शहर की सुंदरता खराब होती है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस या अन्य वाहनों के निकलने में भी भारी समस्या उत्पन्न होती है। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान मौजूद टीम
इस मुहिम को सफल बनाने में अतिक्रमण दस्ता प्रभारी अमित कुमार के साथ नगर पालिका की सहयोगी संस्था डिवाइन वेस्ट मैनेजमेंट के जय दहिया, धर्मेंद्र धाकड़ और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। टीम ने न केवल सामान जब्त किया, बल्कि मौके पर मौजूद लोगों को भविष्य में सड़क पर सामान न फैलाने की सख्त हिदायत भी दी।