अधिवक्ता सक्सेना की हत्या के विरोध में उबला प्रदेश गुना में भी वकीलों ने काम बंद रख दी सीएम हाउस घेराव की चेतावनी

अधिवक्ता सक्सेना की हत्या के विरोध में उबला प्रदेश  गुना में भी वकीलों ने काम बंद रख दी सीएम हाउस घेराव की चेतावनी
वकीलों ने काम बंद कर जताया विरोध

अनंत न्यूज़ @गुना। शिवपुरी जिले के अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की दिन-दहाड़े हुई नृशंस हत्या ने प्रदेशभर के विधिक जगत को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में सोमवार को पूरे प्रदेश के वकील लामबंद नजर आए और सभी बार एसोसिएशन संगठनों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

इसी कड़ी में गुना जिले के अभिभाषक संघ ने भी जिला अध्यक्ष भूपनारायण सिंह सोलंकी के नेतृत्व में अपनी आवाज बुलंद की। वकीलों ने एकजुट होकर न केवल अदालती कामकाज बंद रखा, बल्कि कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया। ज्ञापन के माध्यम से अभिभाषकों ने सरकार को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि अधिवक्ताओं के हित और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 'एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट' को आगामी 7 दिनों के भीतर लागू किया जाए। वकीलों का कहना है कि यदि सरकार इस समय सीमा में कानून लागू करने में विफल रहती है, तो प्रदेशभर के वकील भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए विवश होंगे। इसके साथ ही गुना के वकीलों ने अधिवक्ताओं के परिजनों के लिए कल्याणकारी योजनाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए इनके क्रियान्वयन के लिए विशेष बजट आवंटन की भी मांग उठाई है। पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रदेश की अदालतों में न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। वकीलों का स्पष्ट मत है कि समाज को न्याय दिलाने वाले हाथ अब असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और जब तक ठोस सुरक्षा कानून नहीं बनता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। सोमवार को हुए इस व्यापक विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन को स्पष्ट संकेत दे दिया है कि अधिवक्ता अब अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार के समझौते के मूड में नहीं हैं।