सोनखरा जानलेवा हमला कांड के एक और फरार आरोपी कोबमौरी पुलिस ने दबोचा, अब तक 7 गिरफ्तार
अनंत न्यूज़ @ गुना। बमोरी थाना पुलिस ने ग्राम सोनखरा में हुए जानलेवा हमले के मामले में एक और सफलता अर्जित की है। पुलिस ने प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सोनू प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि 19 दिसंबर 2025 को ग्राम सोनखरा में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना में फरियादी रवि धाकड़ की रिपोर्ट पर अवधेश धाकड़, संजीव धाकड़ सहित 9 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले, तोड़फोड़ और विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वारदात की रात ही 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य फरार हो गए थे। एसडीओपी विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया और उनकी टीम शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 4 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रकरण का एक आरोपी म्याना क्षेत्र में छिपा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपी सोनू (38 वर्ष) पुत्र इमरतलाल प्रजापति, निवासी ग्राम ऊमरी (थाना म्याना) को गिरफ्तार कर लिया।
शेष आरोपियों की तलाश जारी
पकड़े गए आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बमोरी पुलिस का कहना है कि इस गंभीर वारदात में शामिल शेष फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।